खजराना गणेश मंदिर इंदौर: इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश का शुक्रवार को खूबसूरत श्रृंगार किया गया। पंचामृत से भगवान का अभिषेक किया। शुद्ध घी और सिंदूर का चोला चढ़ाया। नए वस्त्र पहनाए, साफा बांधा। विभिन्न किस्म के फूलों से बने हार भगवान गणेश को पहनाए। गजानन के साथ विराजित रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ को भी नए वस्त्र पहनाए, फूल मालाएं अर्पित कर सुंदर श्रृंगार किया गया।
खजराना गणेश मंदिर इंदौर: मंदिर के पुजारी पं. सतपाल महाराज ने भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन कर उनकी आरती की। लड्डूओं का भोग गणेश जी को अर्पित किया। पुजारी पं. अशोक भट्ट ने बताया कि मंदिर के विस्तार का काम भी यहां चल रहा है। यहां प्रवचन हॉल और भक्त निवास भी तैयार हो रहा है। दूर-दूर से भक्त यहां भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेने आते है।
रणजीत हनुमान मंदिर इंदौर: रणजीत हनुमान मंदिर में संकटमोचन का आकर्षक श्रृंगार किया गया। पंचामृत से भगवान का अभिषेक कर उन्हें तेल और सिंदूर का चोला चढ़ाया। गुलाबी रंग के सुंदर वस्त्र पहनाए। गेंदा, गुलाब और सफेद फूलों से बना हार भगवान को पहनाया। गेंदें के फूलों की माला चढ़ाई। आकड़े के पत्तों पर चंदन से जय सीता-राम लिखकर पत्तों की माला भगवान को अर्पित की। फूलों की पंखुड़ियों से भगवान का सिंहासन सजाया गया।
रणजीत हनुमान मंदिर: मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास ने भगवान का विधि-विधान से पूजन कर उनकी आरती की। इस दौरान कई भक्त मौजूद रहे। भगवान को मिठाई का भोग अर्पित किया। मंदिर की मान्यता है कि यहां भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। रोजाना कई भक्त यहां मंदिर में अपनी मनोकामना लेकर भगवान के दर्शन करने आते है।
