हर घर पर तिरंगा जनजागरूकता के लिए आज निकलेगी 10 किमी साइकिल रैली : Mandsaur News

HAR GAR TIRANGA

अभियान : हर घर पर तिरंगा लहराने के लिये युवा से लेकर बुजर्गो तक में उत्साह

मंदसौर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उत्साही तैयारियां चल रही है। घरों पर तिरंगा लहराने के लिये युवाओं से लेकर बुजुर्गो तक में एक समान उत्साह है। सभी को उसी पल का इंतजार है जब वे अपने घर पर तिरंगा लहरायेंगे। तिरंगा अभियान में जनजागरूकता को लेकर आज मंदसौर महाराणा प्रताप बस स्टैंड से देवडूंगरी माताजी मंदिर तक 10 किलोमीटर तक साइकिल रैली निकलेगी। रैली की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पुराने कलेक्टर कार्यालय में एसडीएम ने बैठक ली। इसके साथ ही घर-घर तिरंगा लहराने के लिये गांव-गांव, शहर-शहर तैयारियां चल रही है। धर्मगुरुओं को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है।

आज निकलेगी तिरंगा साइकिल रैली

हर घर झंडा अभियान में जनजागरूकता के लिये आज पांच अगस्त को सुबह आठ बजे महाराणा प्रताप बस स्टैंड से देवडूंगरी माताजी मंदिर, रेवास देवड़ा रोड तक साइकिल रैली का आयोजन होगा। जिला खेल अधिकारी विजेन्द्र देवड़ा ने बताया कि रैली का शुभारंभ वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा करेंगे। रैली में कलेक्टर गौतमसिंह, विधायक यशपालसिंह सिसोदिया सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिलाधिकारी एवं युवा शामिल होंगे।

कलेक्टर संत श्री चैतन्य महाराज को तिरंगा भेट किया

कलेक्टर गौतमसिंह ने मेनपुरिया आश्रम पहुंचकर संत श्री चैतन्य महाराज को तिरंगा भेट किया। साथ ही आश्रम के सभी भक्तजन तथा महाराज के शिष्यों को हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने के लिए आग्रह किया। इस दौरान कलेक्टर ने वहां पर उपस्थित सभी संत जन एवं आम नागरिकों से कहा कि सभी लोग हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हो। इस अवसर पर कलेक्टर ने मेनपुरिया आश्रम में आम एवं कटहल के पौधे भी लगाए। मंदसौर एसडीएम बिहारीसिंह सहित संत जन एवं नागरिक मौजूद थे।

आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। हर घर तिरंगा से लोगो में राष्ट्रीयता की भावना जागेगी, देश सेवा के लिए लोग प्रेरित होंगे, यह बहुत ही अच्छा अभियान है। इस अभियान में सभी बढ़-चढ़कर शामिल हो, बहुत खुशी का अवसर है।

राहुल घोड़ेला, नृसिंहपुरा

इस अभियान से युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत होगी, लोग क्रांतिकारियों और शहीदों को याद करेंगे यह बहुत ही सराहनीय प्रयास है। सभी अपने घर तिरंगा लगायेंगे, जिससे देश में एकता और देश प्रेम की भावना का संदेश जाएगा।

राजेन्द्र हरित, गोल चौराहा

देश प्रेम के लिए अलख जगाने का यह बहुत ही अच्छा प्रयास किया जा रहा है, आजादी का अमृत महोत्सव हम सभी को धूमधाम से मनाना चाहिए। आजादी के अमृत महोत्सव पर देशवासियों के मन में राष्ट्र ध्वज के प्रति जो प्रेम जागृत करने का भाव पैदा किया जा रहा है वो सराहनीय है।

ललित जैन, नयापुरा

राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे गौरव व समृद्धि का प्रतीक है। इस अभियान को लेकर सभी में बहुत उत्साह है। तिरंगा हम सभी अपने घर पर लगाना चाहिए, इस अभियान में भारत का प्रत्येक नागरिक भाग ले आजादी का जश्न उल्लास के साथ मनाना चाहिए।

विजय शर्मा, जनता कालोनी

सभी अपने घरों पर तिरंगा लगाये, देश के प्रति एकता का भाव जागृत होगा। आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा फहराने का यह पुनीत कार्य किया जा रहा है। इससे लोगों में देश के प्रति स्नेह बढ़ेगा। हर घर तिरंगा लगाया जाना बहुत ही अच्छा अभियान है।

धर्मेंद्र जैन, गोल चौराहा

आजादी का 75वां अमृत महोत्सव पर हम सब उन्नाति की और अग्रसर हैं। हमारा देश स्वस्थ, समृद्ध व शिक्षा के क्षेत्र में फिर से विश्व गुरु बने। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर सभी में बहुत उत्साह है। सभी अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा जरूर लहराये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *