पिपलिया मंडी क्षेत्र के नारायणगढ़ में चोरों ने घर में घुसकर 5 लाख रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। नारायणगढ़ क्षेत्र में यह एक ही सप्ताह के अंदर तीसरी चोरी हुई है और अब पुलिस की भूमिका पर सवाल भी उठने लगे हैं। चोर मौका देखकर घर के पीछे पड़ी बांस की सीढ़ी से घर में घुस गए। उसके बाद चोरों ने घर का सारा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। सामान को उठल पुथल करने के बाद चोरों को कुछ जेवरात और 5 लाख रुपए नगद भी मिले। चोर वह ₹500000 और सोने चांदी के जेवरात अपने साथ ले गए और घर के पीछे से ही फरार हो गए।
रिपोर्ट करने पर दे गए जान से मारने की धमकी
नारायणगढ़ नगर में यह एक ही सप्ताह के अंदर तीसरी चोरी हुई है। यहां पर भी चोरों ने पैसे और जेवरात ले जाते समय रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दे गए। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठ रहे हैं। फरियादी सुमित्राबाई ने बताया कि मैं और भांजी घर में ही सो रहीं थीं। तभी घर की पीछे वाली दिवाल से चोर लकड़ी की सीढ़ियों की सहायता से घर में घुस आए। घर के दोनों अलमारियों में रखा सारा सामान बिखेर दिया और उनमें रखें सोने चांदी के जेवरात और 5 लाख रुपए नगद उठा ले गए। इसी दौरान जब सुमित्रा देवी की नींद खुल गई तो चोरों ने उन्हें रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दे दी।
लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया है
चोरी होने के बाद सुमित्रा देवी ने स्वजनों को बुलाकर पुलिस को घटना के बारे में बताया। मंगलवार सुबह जिला मुख्यालय से एफएसएल की टीम से अलावा मल्हारगढ़ एसडीओपी त्रिलोक चंद्र पवार, नारायणगढ़ थाना प्रभारी अवनीश मल्हारगढ़ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव की मौके पर पहुंचे। अब तक तीन चोरियां हो चुकी है और सभी बड़ी-बड़ी चोरियां हुई है। इसको लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। नगर में इससे पहले भी जितेंद्र पाटीदार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इसके बाद बाबूलाल पाटीदार की 40 कुंटल लहसुन साफ हो गई। इसके बाद सुमित्रा देवी के घर में चोरी हो गई। यहां पर अधिकतर किसान ही रहते हैं। ऐसे में पुलिस को सक्रियता बढ़ाना चाहिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।